बांदा। बुंदेलखंड की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है।नरैनी क्षेत्र से जुड़े महेंद्र पाल वर्मा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर अब मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रार्थना-पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते उन्हें साजिशन झूठे मुकदमे में फंसाया गया है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में कोमल सिंह ने बताया कि उनके बाबा स्वर्गीय डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा नरैनी विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक और दो बार मंत्री रह चुके हैं।

वहीं,उनके ससुर महेंद्र पाल वर्मा भी राजनीति में सक्रिय हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में बांदा सदर सीट से समाजवादी पार्टी का टिकट मांग रहे थे।

राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में फंसाने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि राजनीतिक खींचतान के चलते एक अक्टूबर 2026 को नरैनी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 271/2026 दर्ज कराया गया,जिसमें उनका नाम भी शामिल कर दिया गया।

उनका दावा है कि कथित घटना के समय वे बांदा स्थित अपने आवास पर मौजूद थे और घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं था।

गिरफ्तारी और विवेचना पर भी उठाए सवाल
प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि महेंद्र पाल वर्मा की ओर से सीबीआई जांच की मांग किए जाने के बाद 25 अक्टूबर 2026 को उन्हें बांदा स्थित आवास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस विवेचना पर सवाल उठाते हुए नार्को टेस्ट,कॉल डिटेल रिकॉर्ड और वॉयस कॉल रिकॉर्डिंग की जांच नहीं कराए जाने का मुद्दा उठाया है।

मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने,संबंधित पक्षों की वैज्ञानिक जांच कराने और वास्तविक तथ्यों को सामने लाकर न्याय दिलाने की मांग की है।

अब इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।शिकायतकर्ताओं के गंभीर आरोपों के बीच बड़ा सवाल यह है कि क्या शासन इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कोई विशेष कदम उठाएगा? फिलहाल प्रार्थना-पत्र पर प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।