बांदा। जनपद में बालू खदानों को लेकर मीडिया में लगातार प्रकाशित हो रही खबरों का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है।

जिलाधिकारी अमित असेरी के निर्देश पर बांदा-बबेरू के उपजिलाधिकारी अंकित वर्मा ने खनिज विभाग की टीम के साथ बालू खदानों पर छापेमारी कर जांच-पड़ताल की।

प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हलचल मच गई है।जानकारी के अनुसार,एसडीएम अंकित वर्मा ने खनिज इंस्पेक्टर सहित संयुक्त टीम के साथ चरका स्थित बालू खदान खंड संख्या नौ और खंड संख्या दस का निरीक्षण किया।

इस दौरान खदानों में विभिन्न बिंदुओं पर जांच की गई।टीम ने मौके पर मिले तथ्यों और साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है,ताकि जांच के दौरान उनकी निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

बताया जा रहा है कि खदानों में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को एसडीएम और खनिज विभाग की संयुक्त टीम जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक,जांच रिपोर्ट एक से दो दिन के भीतर सार्वजनिक हो सकती है।

बालू खदानों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि निरीक्षण के दौरान क्या तथ्य सामने आए और जिम्मेदारों के खिलाफ प्रशासन क्या कदम उठाता है।