बांदा। संत रामपाल एवं उनसे जुड़े प्रचार माध्यमों की कथित गतिविधियों को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन ने जांच की मांग उठाई है।

शुक्रवार को संगठन की बांदा शाखा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित पुस्तकों,वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

संगठन ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि संत रामपाल से जुड़े प्रचार माध्यमों के जरिए सनातन धर्म के देवी-देवताओं,धार्मिक ग्रंथों की व्याख्या और अन्य संतों को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है।

संगठन का कहना है कि इस तरह की सामग्री से धार्मिक भावनाएं आहत होने के साथ सामाजिक सद्भाव पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि संबंधित पुस्तकों,वीडियो और सोशल मीडिया सामग्री की मूल धार्मिक ग्रंथों से तुलना कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

यदि जांच में किसी प्रकार का कानूनी उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा जिले में धार्मिक तनाव पैदा करने वाली गतिविधियों पर भी निगरानी रखने की मांग की गई।इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।