पैलानी/बांदा। जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है।

तहसील की नवागत उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी ने कार्यभार संभालते ही गांवों का रुख किया और सिंघन कलां व खपटिहा कलां पहुंचकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से स्वगणना में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

एसडीएम ने कहा कि स्वगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं,बल्कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भागीदारी है।

उन्होंने बताया कि स्वगणना का कार्य 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा।इसके लिए तहसील क्षेत्र में होर्डिंग लगवाने और मुनादी के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है,ताकि कोई भी परिवार इस अभियान से वंचित न रहे।

उन्होंने ग्रामीणों को स्वगणना के लिए जनगणना निदेशालय की वेबसाइट sc.census.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी।

साथ ही मोबाइल पर जनगणना का आधिकारिक ऐप डाउनलोड कर परिवार से संबंधित विवरण स्वयं दर्ज करने के लिए प्रेरित किया।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में निगरानी और जागरूकता के लिए 58 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

ये सुपरवाइजर प्रतिदिन गांवों में पहुंचकर स्वगणना कार्य की प्रगति पर नजर रखेंगे और ग्रामीणों की सहायता करेंगे।

इसी क्रम में एसडीएम ने खपटिहा कलां गांव में ग्रामीणों के मोबाइल पर ऐप डाउनलोड करवाकर स्वगणना की प्रक्रिया भी समझाई।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्वगणना अवश्य पूरी करें और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।